राज्यपाल श्री टंडन, मुख्यमंत्री कमल नाथ द्वारा श्री कैलाश जोशी जी के निधन पर शोक व्यक्त

 











राज्यपाल श्री टंडन, मुख्यमंत्री कमल नाथ द्वारा श्री कैलाश जोशी जी के निधन पर शोक व्यक्त


भोपाल : 
राज्यपाल श्री लालजी टंडन ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी के निधन पर गहन दु:ख व्यक्त किया है।


 


राज्यपाल श्री टंडन ने अपने शोक संदेश में उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के विकास में श्री कैलाश जोशी का योगदान अविस्मरणीय है। प्रदेश की राजनीति में उनका विशिष्ट स्थान था। वे कुशल प्रशासक, समर्पित कार्यकर्ता और सक्रिय जन-प्रतिनिधि थे।


राज्यपाल श्री टंडन ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने  की ईश्वर से प्रार्थना की है।


स्वर्गीय श्री जोशी के निवास पहुँचकर दी श्रद्धांजलि


मुख्यमंत्री श्री कमल नाथ ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय श्री कैलाश जोशी के 74 बंगले स्थित निवास पर पहुँचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्री जोशी का आज सुबह लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया था।


श्री कमल नाथ ने स्वर्गीय श्री जोशी के पार्थिव शरीर पर पुष्प-चक्र अर्पित किया। उन्होंने श्री जोशी के पुत्र श्री दीपक एवं अन्य परिजनों को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के विकास में श्री कैलाश जोशी के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।